जालंधर 19 जुलाई (जसविंदर सिंह आज़ाद)- जालंधर के ऐतिहासिक साईं दास स्कूल की ग्राउंड में बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए कोच सुखविंदर जी द्वारा एक विशेष अंडर-12 मैच का आयोजन कराया गया। इस खेल प्रतियोगिता में बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए मीडिया और सामाजिक क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियों ने विशेष मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। मेहमानों में ‘अखंड केसरी‘ के संपादक अंकित भास्कर, ‘पंजाब न्यूज़ चैनल‘ के संपादक जसविंदर सिंह आज़ाद, ‘सोशल मीडिया जालंधर’ फेसबुक चैनल के मालिक मोहित सेखरी और ‘फोकस बुलेटिन’ के मालिक भृगु महेंद्रू मुख्य रूप से मौजूद रहे। इसके साथ ही ‘अखंड केसरी’ के कैमरामैन विजयपाल सिंह भी इस दौरान विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मैच के दौरान मुख्य अतिथि अंकित भास्कर और जसविंदर सिंह आज़ाद ने मैदान पर पसीना बहा रहे नन्हे खिलाड़ियों की जमकर हौसला अफ़्ज़ाई की। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने आज के डिजिटल दौर की सबसे बड़ी समस्या पर ध्यान आकर्षित किया।

उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे टीवी और मोबाइल स्क्रीन पर घंटों वक्त बर्बाद करने की आदत को छोड़ें और खेलों में अपनी दिलचस्पी बढ़ाएं।

उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि मैदान पर खेलने से न केवल बच्चों की फिजिकल एक्टिविटी (शारीरिक गतिविधि) बढ़ेगी, बल्कि उनका मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।

कोच सुखविंदर जी की इस अनूठी पहल और आए हुए सभी अतिथियों के प्रेरणादायी विचारों की उपस्थित लोगों ने काफी सराहना की। अंत में सुखविंदर सिंह जी ने आए हुए मेहमानों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

